-
स्वच्छता और जनभागीदारी के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुका इंदौर अब अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एक नया इतिहास रचने की तैयारी में है. नगर निगम इंदौर द्वारा संचालित “योगमित्र अभियान” के तहत 21 जून को शहर में भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों योग साधक एक साथ योगाभ्यास कर विश्व कीर्तिमान स्थापित करने का प्रयास करेंगे.
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दी जानकारी
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पत्रकार वार्ता में आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” निर्धारित की गई है. इसी थीम को केंद्र में रखकर शहर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है.
यह विशेष आयोजन 21 जून को सुबह 6 बजे से 8 बजे तक गोपुर चौराहे पर होगा. कार्यक्रम में शहर की विभिन्न योग संस्थाओं द्वारा योगासनों की आकर्षक और प्रेरणादायक प्रस्तुतियां दी जाएंगी. इसके बाद सुबह 7 बजे पूरे देश में निर्धारित कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा.
योग सत्र का संचालन प्रसिद्ध योग प्रशिक्षक राकेश चौधरी और मिसेज इंडिया 2023 चेतना जोशी द्वारा किया जाएगा. आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिक, युवा, महिलाएं, वरिष्ठजन और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य भाग लेंगे.
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास होगा. इसके तहत 10 हजार से अधिक योग साधक एक साथ भ्रामरी प्राणायाम करेंगे. आयोजकों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में सामूहिक रूप से भ्रामरी प्राणायाम कर इंदौर एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित कर सकता है.
इस ऐतिहासिक पहल में शहर की 70 से अधिक योग संस्थाएं, खेल संगठन, 150 से अधिक सामाजिक संगठन तथा समाज के विभिन्न वर्गों के हजारों नागरिक अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे. इससे योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा मिलेगा.
सम्मान समारोह का आयोजन
कार्यक्रम के दौरान योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ योग गुरुओं, योग खिलाड़ियों और योग प्रचारकों को “योग अलंकरण” से सम्मानित किया जाएगा. साथ ही योगमित्र अभियान की आधिकारिक वेबसाइट का भी लोकार्पण किया जाएगा. यह वेबसाइट शहरभर में संचालित योगशालाओं, प्रशिक्षण केंद्रों और योग गतिविधियों की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगी.
नगर निगम इंदौर की अपील
नगर निगम इंदौर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में शामिल होकर योग को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान को मजबूत करें और इंदौर को विश्व कीर्तिमान दिलाने में अपनी सहभागिता निभाएं.
इंदौर: योग दिवस पर इंदौर बनाएगा नया इतिहास, 10000 से अधिक साधक करेंगे सामूहिक भ्रामरी प्राणायाम
- Post author:Shivendra Parmar
- Post published:June 19, 2026
- Post category:देश / मध्यप्रदेश
You Might Also Like
अटल बिहारी से लेकर नितिन नबीन तक… कौन-किस उम्र में बना बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष? देखें लिस्ट
राज्यपाल मंगू भाई पटेल एम्स में भर्ती, वायरल फीवर की शिकायत