कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के साथ खेला हो गया है, यह खेला किसी और नहीं बल्कि उनके ही विधायकों की तरफ से किया गया है. यही वजह है कि हाईकमान नाराज है. पूरा मामला एमएलसी चुनाव में क्रॉस वोटिंग से जुड़ा हुआ है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस मुद्दे पर राज्य के कई नेताओं को दिल्ली तलब किया है.
दरअसल हाल ही में कर्नाटक में विधान परिषद के चुनाव हुए हैं. इन चुनावों में आमतौर पर विधायक ही मतदान करते हैं. 7 सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी की मदद से कांग्रेस 5 सीट जीतने में कामयाब हो गई. जबकि बीजेपी के हाथ केवल 2 सीट ही लग पाई हैं.
इस पूरी क्रॉस वोटिंग में बीजेपी को सीधे तौर पर कोई नुकसान नहीं हुआ है. लेकिन उनकी सहयोगी पार्टी जेडीएस के उम्मीदवार को बीजेपी विधायकों की क्रॉस वोटिंग के कारण हार का सामना करना पड़ा है. यही वजह है कि बीजेपी की किरकिरी हो रही है.
नितिन नवीन ने नेताओं को दिल्ली किया तलब
भारतीय जनता पार्टी को जैसे ही इस खेल की खबर लगी. तुरंत हरकत में आ गई. पूरे मामले को लेकर राज्य के जिम्मेदार नेताओं को दिल्ली तलब किया गया है. इसके साथ ही साफ संदेश भी दिया कि इस मामले में माफी की कोई गुंजाइश नहीं है. मतलब साफ है कि क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के साथ-साथ कई और नेताओं पर एक्शन लिया जा सकता है.
कितने विधायकों ने की क्रॉस वोटिंग
कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष बीवाई वियजेंद्र भी इस पूरे मामले पर आगबबूला हैं. उन्होंने साफ कहा कि हमने पता कर लिया है कि किन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है. हम जल्द ही हाईकमान के साथ मिलकर तय करेंगे कि इन विधायकों पर किस से एक्शन लिया जाना है. ऐसा कहा जा रहा है कि 5-6 विधायकों ने क्रॉस में वोट किया है. विजयेंद्र ने कहा कि चुनाव परिणाम से कुमारस्वामी बेहद आहत हैं और क्रॉस-वोटिंग केवल जेडी(एस) ही नहीं, बल्कि भाजपा का भी अपमान है.