अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान राशि के कथित गड़बड़ी और चोरी से जुड़े मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट 13 जुलाई को सुनवाई करेगा। भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ इस मामले से संबंधित तीन अलग-अलग याचिकाओं पर विचार करेगी। इन याचिकाओं में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन की स्वतंत्र जांच कराने की मांग उठाई गई है। एक याचिका में ट्रस्ट के खातों का नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) से ऑडिट कराने के साथ CBI जांच की मांग की गई है, जबकि दूसरी याचिका में भी दान राशि से जुड़े पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया गया है। इसके अलावा, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुधाकर सिंह द्वारा दायर याचिका में ट्रस्ट के सभी वित्तीय रिकॉर्ड का फोरेंसिक ऑडिट कराने, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में CBI जांच कराने तथा बैंक खातों, UPI लेनदेन और अन्य डिजिटल वित्तीय दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के निर्देश जारी करने की मांग की गई है। अब इस मामले में 13 जुलाई को होने वाली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट इन सभी मांगों पर विचार करेगा।
राम मंदिर दान चोरी मामला: CBI जांच की मांग पर सुप्रीम कोर्ट 13 जुलाई को करेगा अहम सुनवाई

