झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान ABVP कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुरानी विधानसभा के पास बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे थे। पुलिस उन्हें डिटेन कर प्रदर्शन स्थल खाली कराने की कोशिश कर रही थी, इसी दौरान धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई।
प्रदर्शन कर रहे कई कार्यकर्ता पुलिस की गाड़ियों के आगे बैठ गए, जबकि कुछ सड़क पर लेटकर नारेबाजी करने लगे। पुलिस लगातार उन्हें वहां से हटाने और हिरासत में लेने की कोशिश करती रही। महिला कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने प्रदर्शन स्थल से हटाय
यह प्रदर्शन सोमवार को छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में किया गया। छात्र JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और अपनी अन्य मांगों को लेकर विधानसभा का घेराव करने पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच कई बार टकराव हुआ था।
प्रशासन ने छात्रों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया था। इसके बाद कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र घायल होने की बात सामने आई है।
छात्रों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर सरकार के साथ कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन सभी मांगों पर सहमति नहीं बन पाई। छात्रों ने कहा है कि वे अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीधे बातचीत करना चाहते हैं।
घटना के विरोध में भाजपा ने मंगलवार को पूरे झारखंड में बंद का आह्वान किया। रांची समेत कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कई जगह सड़क जाम किए गए और टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया।
कुछ जिलों में बंद के दौरान दुकानों को बंद कराने की भी कोशिश की गई। कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा में विपक्ष पर युवाओं को भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपना विरोध करता रहेगा, लेकिन सरकार छात्रों के हित में काम करती रहेगी और उनकी मांगों पर फैसले लिए जा रहे हैं।
वहीं भाजपा ने सरकार पर छात्रों की मांगों को नजरअंदाज करने और प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज करना गलत है और सरकार को पूरे मामले पर जवाब देना चाहिए।
झारखंड में छात्र आंदोलन को लेकर अब सरकार और विपक्ष आमने-सामने हैं। एक तरफ छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं, वहीं भाजपा ने लाठीचार्ज के विरोध में राज्यव्यापी बंद का सहारा लिया है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह आंदोलन और राजनीतिक विवाद बढ़ने की संभावना है।

